महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन परिचय, शिक्षा, सामाजिक संघर्ष और उनका प्रमुख लेखन

महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को माली (जिन्हे सैनी के नाम से भी जानते हैं) समुदाय में हुआ था. उनके पिता का नाम गोविंदराव फुले था और माता का नाम चिमनाबाई था. उनकी शादी सावित्रीबाई फुले से हुई. उन्होने शोषित समाज के लिए जीवनभर संघर्ष किया और 28 नवंबर 1890 को इस दुनिया से चले गए. फुले दंपति की अपनी कोई जैविक संतान नहीं थी. उन्होंने एक विधवा के पुत्र यशवंत को गोद लिया था जो बाद में चिकित्सा की शिक्षा प्राप्त करके डॉक्टर बने.


महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले उन्नीसवीं सदी के भारत के उन महान समाज सुधारकों में थे जिन्होंने जाति, छुआछूत, स्त्री-अशिक्षा, बाल विवाह, विधवा उत्पीड़न और सामाजिक असमानता जैसे प्रश्नों को सीधे चुनौती दी थी. उन्होंने शिक्षा को सामाजिक मुक्ति का सबसे महत्वपूर्ण साधन माना और अपने जीवन का बड़ा हिस्सा महिलाओं, शूद्र-अतिशूद्रों तथा वंचित समुदायों की शिक्षा और सम्मान के लिए समर्पित किया.

वे केवल समाज सुधारक नहीं थे. वे लेखक, विचारक, किसान-हितैषी, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी और संगठनकर्ता भी थे. उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले उनके सामाजिक आंदोलन की सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी थीं. दोनों ने मिलकर उन्नीसवीं सदी के महाराष्ट्र में लड़कियों और वंचित समुदायों की शिक्षा की ऐसी शुरुआत की, जिसका प्रभाव आगे चलकर पूरे भारतीय समाज पर पड़ा. फुले दंपत्ति ने लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के जीवन से जुड़ी रूढ़ियों के खिलाफ अपना पूरा जीवन लगा दिया.

फुले ने 1873 में सत्यशोधक समाज की स्थापना की, जिसका उद्देश्य सामाजिक रूप से दबे वर्गों को संगठित करना, जातिगत असमानता का विरोध करना और सामाजिक न्याय की दिशा में काम करना था. यह संगठन आज भी विभिन्न रूप में मौजूद हैं.

उनकी प्रसिद्ध कृतियों में ‘तृतीय रत्न’, ‘गुलामगिरी’, ‘शेतकऱ्याचा असूड’ (किसान का कोड़ा), ‘ब्राह्मणांचे कसब’, ‘सार्वजनिक सत्य धर्म’ और शिवाजी पर लिखा पोवाड़ा आदि शामिल हैं.

ज्योतिबा का जन्म और प्रारम्भिक जीवन

ज्योतिराव गोविंदराव फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को तत्कालीन बॉम्बे प्रेसीडेंसी के सतारा क्षेत्र के कटगुण गांव में हुआ था. उनका परिवार माली समुदाय से संबंधित था. उनके पिता का नाम गोविंदराव फुले और माता का नाम चिमनाबाई था. बाद में परिवार पुणे आ गया, जहां उनके पिता फूलों का व्यवसाय करते थे. इसी व्यवसाय से परिवार के नाम के साथ ‘फुले’ जुड़ा और उनके नाम के आगे ‘फुले’ लिखा और बोला जाने लगा.

उनका बचपन उस समय के भारतीय समाज में व्याप्त गहरी जातिगत असमानता के बीच बीता. जाति के आधार पर शिक्षा, सामाजिक सम्मान और सार्वजनिक संसाधनों तक पहुंच में बड़ा अंतर था. मतलब, उनके समुदाय को समाज का मुख्य घटक नही समझा जाता था बल्कि उनके साथ सेवकों से भी बदतर व्यवहार किया जाता था.

ज्योतिराव की माता का निधन उनके बचपन में ही हो गया था. इसके बाद उनका पालन-पोषण परिवार में हुआ. प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद कुछ समय के लिए उनकी पढ़ाई रुक गई और उन्हें पारिवारिक काम में लगना पड़ा. लेकिन उनकी प्रतिभा और पढ़ने की इच्छा देखकर उनके परिचितों ने उनके पिता को दोबारा पढ़ाई जारी रखने के लिए तैयार किया.

शिक्षा : बीच में छूटी पढ़ाई से स्कॉटिश मिशन स्कूल तक

ज्योतिराव ने प्रारंभिक शिक्षा मराठी माध्यम में प्राप्त की. पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनकी पढ़ाई बीच में रुक गई थी. बाद में उन्हें स्कॉटिश मिशन हाई स्कूल, पुणे में प्रवेश मिला. यहाँ से उन्होने प्रारंभिक शिक्षा के अलावा माध्यमिक शिक्षा पूरी की और इस शिक्षा ने उनके जीवन की दिशा को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई.

अंग्रेजी शिक्षा के माध्यम से उन्हें यूरोप के आधुनिक विचारों, मानवाधिकार, स्वतंत्रता और समानता से परिचित होने का अवसर मिला. उनके वैचारिक विकास पर थॉमस पेन जैसे विचारकों का प्रभाव भी बताया जाता है. विश्वविद्यालयीय अध्ययन सामग्री में फुले के सामाजिक-राजनीतिक विचारों पर ईसाई मिशनरी विचारधारा और थॉमस पेन के प्रभाव का उल्लेख मिलता है.

यही वह दौर था जब ज्योतिराव ने यह महसूस करना शुरू किया कि समाज में मनुष्य की स्थिति जन्म से तय नहीं होनी चाहिए.

विवाह और सावित्रीबाई फुले का साथ

ज्योतिराव फुले का विवाह कम उम्र में सावित्रीबाई से हुआ. उन्नीसवीं सदी के भारतीय समाज में बाल विवाह सामान्य सामाजिक प्रथा थी. इसलिए, ज्योतिबा को विवाह करने में कोई दिक्कत नही आई.

यह विवाह आगे चलकर भारतीय सामाजिक इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक बना.

ज्योतिराव ने सावित्रीबाई को पढ़ाया और उन्हें शिक्षिका बनने के लिए तैयार किया. बाद में सावित्रीबाई ने औपचारिक शिक्षक-प्रशिक्षण भी प्राप्त किया. सावित्रीबाई ने अपने पति से शिक्षा प्राप्त की और बाद में नॉर्मल स्कूल में प्रशिक्षण लिया. 1848 में उन्होंने ज्योतिराव के साथ पुणे में लड़कियों के लिए स्कूल शुरू किया और वहां प्रधान शिक्षिका की भूमिका निभाई.

यह 1848 वर्ष ज्योतिराव फुले के जीवन का निर्णायक वर्ष था. इसी वर्ष उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाया.

इससे पहले वे जातिगत भेदभाव की वास्तविकता को अपने आसपास देख रहे थे. एक प्रसिद्ध प्रसंग के अनुसार एक ब्राह्मण मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने पर उन्हें उनकी जाति को लेकर अपमानित किया गया. इस घटना ने उनके मन में जाति व्यवस्था की अन्यायपूर्ण प्रकृति के प्रति गहरा प्रश्न पैदा किया.

इसी दौर में उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाने का निर्णय लिया.

लड़कियों के लिए पहला स्कूल

1848 में ज्योतिराव और सावित्रीबाई ने पुणे में लड़कियों के लिए पहला स्कूल शुरू किया. इसे आम तौर पर भिड़े वाड़ा में शुरू हुए विद्यालय के रूप में जाना जाता है.

यह काम उस समय बेहद क्रांतिकारी था.

लड़कियों की शिक्षा को समाज के बड़े हिस्से में अनावश्यक, अनुचित और परंपरा-विरोधी माना जाता था. फुले दंपति को सामाजिक बहिष्कार और विरोध का सामना करना पड़ा. मगर, विरोध के बावजूद फुले दंपत्ति ने लड़कियों की शिक्षा का काम जारी रखा.

सावित्रीबाई : पहली शिक्षिकाओं में अग्रणी

ज्योतिराव ने केवल स्कूल खोला ही नहीं, बल्कि अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले को शिक्षित करके उन्हें शिक्षिका बनने का अवसर दिया.

यह भारतीय सामाजिक इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक बनी.

सावित्रीबाई फुले जब स्कूल पढ़ाने जाती थीं तो उन्हें रास्ते में विरोध, अपमान और कभी-कभी गंदगी फेंके जाने जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता था. फिर भी उन्होंने पढ़ाना नहीं छोड़ा.

फुले दंपति का उद्देश्य केवल महिलाओं को शिक्षा देना नहीं था.

वे चाहते थे कि शिक्षा उन समुदायों तक पहुंचे जिन्हें सदियों से उससे दूर रखा गया था.

इसी क्रम में 1852 तक फुले दंपति ने लड़कियों के लिए कई विद्यालय चलाए और महार तथा मांग समुदायों के बच्चों के लिए भी विद्यालय स्थापित किए.

शिक्षा को लेकर फुले की बड़ी सोच

ज्योतिराव फुले का शिक्षा संबंधी चिंतन अपने समय से बहुत आगे था.

1882 में जब हंटर शिक्षा आयोग ने भारत में शिक्षा की स्थिति पर विचार किया, तब फुले ने उसके सामने अपना विस्तृत पक्ष रखा.

उन्होंने प्राथमिक शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की और तर्क दिया कि सरकार को आम जनता, विशेषकर किसानों और गरीब समुदायों की शिक्षा पर अधिक खर्च करना चाहिए.

फुले द्वारा हंटर आयोग के समक्ष प्रस्तुत ज्ञापन को भारतीय शिक्षा सुधार के इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया गया है. उसमें फुले ने जनसाधारण के लिए प्राथमिक शिक्षा को प्राथमिकता देने और उसे अनिवार्य प्राथमिक शिक्षा बनाने की बात रखी थी.

इसलिए आज जब भारत में शिक्षा के अधिकार की चर्चा होती है तो फुले के शिक्षा संबंधी विचारों को ऐतिहासिक संदर्भ में याद किया जाता है. खासकर वंचित समाज उनके इस अमूल्य योगदान का सदा ऋणी रहेगा.

विधवाओं और महिलाओं के लिए संघर्ष

फुले के सामाजिक आंदोलन का दूसरा बड़ा क्षेत्र महिलाओं की स्थिति था.

उन्होंने बाल विवाह का विरोध किया और विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया.

उस समय विशेष रूप से उच्च जाति की विधवाओं का जीवन अत्यंत कठिन था. कम उम्र में विधवा हो जाने के बाद उन्हें सामाजिक नियंत्रण, अपमान और अनेक प्रकार के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ता था.

विधवा के गर्भवती होने की स्थिति और भी भयावह होती थी. सामाजिक बदनामी के डर से कई महिलाएं नवजात बच्चों को मारने या छोड़ने तक के लिए मजबूर हो जाती थीं.

इस समस्या से निपटने के लिए ज्योतिराव और सावित्रीबाई ने 1863 में बालहत्या प्रतिबंधक गृह शुरू किया.

इसका उद्देश्य गर्भवती विधवाओं को सुरक्षित स्थान देना और नवजात शिशुओं की हत्या रोकना था.

अस्पृश्यता के खिलाफ फुले का संघर्ष

ज्योतिराव फुले का संघर्ष केवल शिक्षा तक सीमित नहीं था.

उन्होंने छुआछूत और सार्वजनिक संसाधनों पर जातिगत नियंत्रण का विरोध किया.

1868 के आसपास उन्होंने अपने घर के कुएं/जलस्रोत को तथाकथित अस्पृश्य समुदायों के लिए खोल दिया. ना सिर्फ सार्वजनिक उपलब्ध जलस्रोत खोले बल्कि अपने घर के बाहर भी उन्होने साझा जलस्रोत बनाएं.

उस समय जब सार्वजनिक कुओं से पानी लेने तक पर जातिगत प्रतिबंध थे, यह एक प्रत्यक्ष बड़ी सामाजिक चुनौती थी.

जाति व्यवस्था के खिलाफ विचार

फुले जाति व्यवस्था को केवल सामाजिक भेदभाव की समस्या नहीं मानते थे.

उनका विचार था कि जाति व्यवस्था ने ज्ञान, धर्म, सत्ता और संसाधनों पर असमान नियंत्रण पैदा किया है.

उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न था—

जिस समाज में कुछ लोगों को पढ़ने और ज्ञान प्राप्त करने का अधिकार हो और दूसरों को उससे वंचित रखा जाए, वह समाज समान कैसे हो सकता है?

इसीलिए उनके सामाजिक आंदोलन के केंद्र में शिक्षा और सामाजिक बराबरी दोनों थे.

सत्यशोधक समाज की स्थापना

24 सितंबर 1873 को ज्योतिराव फुले ने सत्यशोधक समाज की स्थापना की.

‘सत्यशोधक’ का अर्थ है—सत्य की खोज करने वाला.

इस संगठन का उद्देश्य सामाजिक रूप से वंचित समुदायों को संगठित करना और जाति आधारित सामाजिक व धार्मिक वर्चस्व का विरोध करना था.

सत्यशोधक समाज ने समाज में यह विचार मजबूत किया कि किसी व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके मनुष्य होने से निर्धारित होनी चाहिए.

बिना ब्राह्मण पुरोहित के विवाह

सत्यशोधक समाज ने विवाह और अन्य सामाजिक संस्कारों को भी सामाजिक बराबरी के प्रश्न से जोड़ा.

फुले का तर्क था कि विवाह के लिए किसी विशेष जाति के पुरोहित पर निर्भर होना आवश्यक नहीं होना चाहिए.

इसी सोच के आधार पर सत्यशोधक पद्धति के विवाह विकसित हुए, जिनमें धार्मिक कर्मकांड और पुरोहित की अनिवार्यता को चुनौती दी गई.

यह आंदोलन केवल धार्मिक सुधार नहीं था; इसके पीछे सामाजिक सत्ता के विकेंद्रीकरण की कोशिश थी. यही कोशिश बाद में बाबासाहेब, मान्यवर साहेब जैसे महापुरुषों के लिए प्रेरणा बनी.

किसानों के सवाल पर ज्योतिबा फुले

फुले को केवल महिला शिक्षा और जाति-विरोधी आंदोलन तक सीमित करके देखना उनके चिंतन को अधूरा समझना होगा. क्योंकि, उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी गंभीरता से लिखा.

उनका मानना था कि ग्रामीण समाज में किसान उत्पादन करता है, लेकिन राजस्व, कर्ज, बिचौलियों और सामाजिक शोषण के कारण उसका जीवन लगातार कठिन होता जाता है.

इसी विषय पर उनकी सबसे प्रसिद्ध पुस्तकों में से एक है—

‘शेतकऱ्याचा असूड’ — किसान का कोड़ा

यह कृति किसानों की आर्थिक स्थिति, राजस्व व्यवस्था और ग्रामीण शोषण की आलोचना करती है.

फुले केवल समाज सुधारक नहीं, उद्यमी भी थे

ज्योतिराव फुले का जीवन केवल आंदोलन और लेखन तक सीमित नहीं था.

वे व्यवसायी, किसान और ठेकेदार भी थे.

उन्होंने निर्माण कार्यों से जुड़े ठेके लिए और पुणे क्षेत्र में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में काम किया. बाद में वे पुणे नगरपालिका से भी जुड़े.

इससे यह भी पता चलता है कि उनका सामाजिक चिंतन केवल बाहर से व्यवस्था की आलोचना करने तक सीमित नहीं था; वे स्थानीय प्रशासन और सार्वजनिक व्यवस्था के स्तर पर भी सक्रिय थे.

ज्योतिबा फुले का साहित्यिक व्यक्तित्व

फुले मूलतः मराठी भाषा में लिखते थे और उनकी भाषा का उद्देश्य सामान्य जनता तक पहुंचना था.

उनकी रचनाओं में विद्वत्तापूर्ण तर्क के साथ-साथ व्यंग्य, संवाद, कविता, पोवाड़ा और जनभाषा का प्रयोग मिलता है.

उनके लेखन का केंद्रीय उद्देश्य सामाजिक असमानता पर सवाल उठाना था.

उनकी प्रमुख रचनाओं में शामिल हैं—

1. तृतीय रत्न — 1855

यह उनका महत्वपूर्ण आरंभिक नाटक था. इसमें सामाजिक अंधविश्वास और धार्मिक-सामाजिक शोषण को विषय बनाया गया.

2. ब्राह्मणांचे कसब — 1869

इसमें उन्होंने धार्मिक-सामाजिक सत्ता और पुरोहितवाद की आलोचना की.

3. छत्रपति शिवाजी राजे भोसले यांचा पोवाड़ा — 1869

इसमें उन्होंने शिवाजी को जनता और शोषितों के संदर्भ में देखने का प्रयास किया.

4. गुलामगिरी — 1873

यह उनकी सबसे प्रसिद्ध कृतियों में से एक है.

5. शेतकऱ्याचा असूड — 1881

इसमें किसानों की समस्याओं और आर्थिक शोषण पर विचार किया गया.

6. सतसार — 1885

सामाजिक प्रश्नों पर उनके विचारों का एक महत्वपूर्ण लेखन.

7. सार्वजनिक सत्य धर्म पुस्तक — 1889

यह उनके अंतिम दौर के धार्मिक-सामाजिक चिंतन को समझने के लिए महत्वपूर्ण कृति है.

इन रचनाओं की सूची में ‘तृतीय रत्न’, ‘गुलामगिरी’, ‘शेतकऱ्याचा असूड’, ‘सतसार’ और ‘सार्वजनिक सत्य धर्म’ आदि शामिल हैं.

‘गुलामगिरी’ : जाति व्यवस्था की तीखी आलोचना

1873 में प्रकाशित ‘गुलामगिरी’ फुले की सबसे चर्चित रचनाओं में शामिल हैं. यह पुस्तक 1 जून 1873 को प्रकाशित हुई.

इस पुस्तक में उन्होंने जाति व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक वर्चस्व की आलोचना करते हुए भारतीय समाज में शूद्रों और अतिशूद्रों की स्थिति को गुलामी के संदर्भ में समझाया है.

‘गुलामगिरी’ को केवल साहित्यिक पुस्तक के रूप में पढ़ना पर्याप्त नहीं है. यह वास्तव में फुले के सामाजिक इतिहास, जाति और सत्ता संबंधी चिंतन को समझने की प्रमुख कुंजी है.

यह पुस्तक संवाद शैली में लिखी गई है. और इसकी भाषा भी बहुत ही स्पष्ट और तिखि है. यह उस समय की व्यवस्था पर तगड़ा प्रहार करती है.

‘शेतकऱ्याचा असूड’ : किसान के पक्ष में आवाज

यदि ‘गुलामगिरी’ जाति व्यवस्था पर केंद्रित थी, तो ‘शेतकऱ्याचा असूड’ किसानों की आर्थिक स्थिति पर फुले के विचारों को सामने लाती है.

फुले का सवाल था कि जो किसान राज्य की आय का आधार है, वही गरीबी, कर्ज और शोषण से क्यों जूझ रहा है?

यह प्रश्न आज भी भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बहस में महत्वपूर्ण दिखाई देता है.

सार्वजनिक सत्य धर्म

जीवन के अंतिम दौर में फुले ने धर्म के प्रश्न पर भी अपना स्वतंत्र चिंतन विकसित किया.

उनकी कृति ‘सार्वजनिक सत्य धर्म पुस्तक’ 1889 में प्रकाशित हुई.

इसमें वे ऐसे नैतिक और सामाजिक धर्म की कल्पना करते हैं जिसका आधार जन्म, जाति और पुरोहितवादी मध्यस्थता के बजाय मानव समानता और नैतिक आचरण हो.

उनका विचार था कि मनुष्य को मनुष्य के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार करना चाहिए और सामाजिक जीवन में बराबरी को आधार बनाया जाना चाहिए.

महात्मा की उपाधि

फुले को 1888 में ‘महात्मा’ की उपाधि दी गई. उन्हे यह उपाधि विठ्ठलराव कृष्णाजी वांडेकर जी ने 11 मई 1888 को दी थी.

इस सम्मान के बाद ज्योतिराव फुले व्यापक रूप से महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से प्रसिद्ध हुए.

हांलाकि, वर्तमान समय में शोषित समाज के लोग जिन्हे बहुजन समाज के नाम से ज्यादा पहचाना जाता है. उन्होने फुले को “महात्मा” कहने पर सवाल उठाएं हैं और महात्मा के बजाए उन्हे “महामना” से सम्बोधित करने का विचार चल रहा है.

इस विचार को फैलाने मे बड़ा योगदान सम्यक प्रकाशन के संस्थापक मा शांतिस्वरूप बौद्ध जी को दिया जाता है. उनका कहना है कि जिस व्यवस्था के खिलाफ़ उन्होने जीवनभर संघर्ष किया, उस व्यवस्था के शब्दों की उपाधि उनको शोभा नही देती है और न ही उनके जीवन संघर्ष के साथ न्याय करती है.

अंतिम वर्ष और स्वास्थ्य

जीवन के अंतिम वर्षों में भी फुले सामाजिक और बौद्धिक कार्यों से जुड़े रहे.

1888 के आसपास उन्हें स्ट्रोक आया, जिसके कारण उनका स्वास्थ्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ. इसके बावजूद उनका लेखन जारी रहा. उन्होंने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में ‘सार्वजनिक सत्य धर्म’ जैसे लेखन के माध्यम से अपने विचारों को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया.

महात्मा ज्योतिराव फुले का निधन 28 नवंबर 1890 को पुणे में हुआ.

उस समय उनकी आयु लगभग 63 वर्ष थी.

ज्योतिबा फुले की विचारधारा को समझने के पांच महत्वपूर्ण आधार

फुले के पूरे जीवन और लेखन को अगर पांच प्रमुख बिंदुओं में समझना हो तो वे इस प्रकार हैं—

1. शिक्षा

उनके लिए शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं थी. शिक्षा सामाजिक गुलामी से बाहर निकलने का साधन थी.

2. जाति-विरोध

वे जन्म आधारित सामाजिक श्रेष्ठता को स्वीकार नहीं करते थे.

3. स्त्री मुक्ति

उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, विधवा पुनर्विवाह और महिलाओं के सम्मान को सामाजिक परिवर्तन का केंद्रीय प्रश्न बनाया.

4. किसान प्रश्न

उन्होंने किसान की आर्थिक स्थिति और ग्रामीण शोषण को भी सामाजिक न्याय के प्रश्न से जोड़ा.

5. स्वतंत्र सामाजिक संगठन

सत्यशोधक समाज के माध्यम से उन्होंने वंचित समुदायों को स्वयं संगठित होने की दिशा दी.

फुले और सावित्रीबाई : एक असाधारण साझेदारी

महात्मा फुले की उपलब्धियों को समझते समय सावित्रीबाई फुले की भूमिका को अलग नहीं किया जाना चाहिए.

ज्योतिराव ने सावित्रीबाई फुले को शिक्षा दी और उन्होंने उस शिक्षा को समाज की लड़कियों तक पहुंचाया.

दोनों ने मिलकर—

  • लड़कियों के विद्यालय खोले,
  • वंचित जातियों के बच्चों को पढ़ाया,
  • विधवाओं की सहायता की,
  • बालहत्या रोकने का प्रयास किया,
  • सामाजिक रूढ़ियों का विरोध किया,
  • और शिक्षा को सामाजिक अधिकार के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया.

बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर और फुले की विरासत

फुले के बाद के भारतीय सामाजिक आंदोलन में ज्योतिराव फुले का प्रभाव बहुत महत्वपूर्ण रहा. बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी फुले को अपने गुरुओं में स्थान दिया है. बाबासाहेब के बुद्ध, कबीर के बाद फुले को ही अपना गुरु बताया है.

फुले की तरह बाबासाहेब ने भी शिक्षा, सामाजिक समानता और जाति-विरोध को सामाजिक परिवर्तन के केंद्रीय प्रश्नों में रखा.

इसलिए फुले की परंपरा को आगे चलकर महाराष्ट्र और भारत के व्यापक बहुजन तथा सामाजिक आंदोलनों से जोड़ा गया.

ज्योतिबा फुले की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या थी?

फुले की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल एक स्कूल खोलना या एक संगठन बनाने तक सीमित नहीं हो सकती है. उनकी वास्तविक उपलब्धि यह थी कि उन्होंने सामाजिक असमानता को सार्वजनिक बहस का विषय बनाया.

उन्होंने उन प्रश्नों को सामने रखा जिन्हें समाज सामान्य मानकर स्वीकार कर चुका था—

किसे शिक्षा मिलेगी?

कौन मंदिर या धार्मिक व्यवस्था का ज्ञान नियंत्रित करेगा?

किस आधार पर कोई व्यक्ति दूसरे से ऊंचा माना जाएगा?

विधवा का जीवन इतना अमानवीय क्यों हो?

किसान पैदा करता है, फिर भी गरीब क्यों है?

जाति के नाम पर किसी मनुष्य को पानी से क्यों वंचित किया जाए?

विवाह के लिए पुरोहित की अनिवार्यता क्यों हो?

इन सवालों के जवाब खोजने के बजाय उन्होंने समाज से ही सवाल करना शुरू किया. और इन्ही सवालों का आधार ही आज का शोषित वर्ग के आंदोलनों का मुख्य स्तंभ बना हुआ है.

ज्योतिबा फुले की प्रमुख उपलब्धियाँ : एक नजर में

वर्षप्रमुख घटना
182711 अप्रैल को जन्म
1841स्कॉटिश मिशन हाई स्कूल, पुणे में प्रवेश
1847माध्यमिक शिक्षा पूरी
1848लड़कियों की शिक्षा के लिए विद्यालय की शुरुआत
1851-52लड़कियों और वंचित समुदायों के लिए कई विद्यालय
1855‘तृतीय रत्न’
1863बालहत्या प्रतिबंधक गृह
1868वंचित समुदायों के लिए अपने जलस्रोत को खोलने की पहल
1873‘गुलामगिरी’ का प्रकाशन
1873सत्यशोधक समाज की स्थापना
1876-83पुणे नगरपालिका से जुड़ाव
1881‘शेतकऱ्याचा असूड’
1882हंटर शिक्षा आयोग के सामने शिक्षा संबंधी विचार प्रस्तुत
1888‘महात्मा’ की उपाधि
1889‘सार्वजनिक सत्य धर्म पुस्तक’
189028 नवंबर को निधन

निष्कर्ष : शिक्षा से सामाजिक मुक्ति तक की यात्रा

महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन उन्नीसवीं सदी के भारत में सामाजिक परिवर्तन की एक असाधारण कहानी है.

उन्होंने ऐसे समय में लड़कियों को पढ़ाने का निर्णय लिया जब समाज का बड़ा हिस्सा महिलाओं की शिक्षा के खिलाफ था. उन्होंने ऐसे समय में वंचित जातियों के बच्चों को स्कूल में बुलाया जब जाति के आधार पर शिक्षा और सार्वजनिक जीवन में भारी भेदभाव था. उन्होंने विधवाओं और उनके बच्चों के लिए आश्रय बनाया जब सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से ऐसी महिलाओं को समाज से छिपकर जीना पड़ता था.

उन्होंने किसानों की गरीबी पर लिखा, जाति व्यवस्था पर सवाल उठाए, पुरोहितवादी वर्चस्व की आलोचना की और सत्यशोधक समाज के माध्यम से सामाजिक संगठन खड़ा किया.

उनका सबसे महत्वपूर्ण संदेश था कि सामाजिक मुक्ति केवल कानून बदलने से नहीं, बल्कि ज्ञान और चेतना के प्रसार से भी आती है.

इसीलिए फुले के आंदोलन में शिक्षा सबसे पहले आती है.

उनका जीवन हमें यह समझने में मदद करता है कि सामाजिक क्रांति केवल बड़े राजनीतिक आंदोलनों से नहीं होती. कभी-कभी वह एक छोटे से स्कूल से शुरू होती है—जहाँ पहली बार कोई लड़की पढ़ने बैठती है; उस कुएं से शुरू होती है जहाँ पहली बार किसी तथाकथित ‘अछूत’ को पानी लेने का अधिकार मिलता है; या उस संगठन से शुरू होती है जहाँ लोग पहली बार अपने सामाजिक अधिकारों के बारे में स्वयं विचार करते हैं.

महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपने समय की स्थापित सामाजिक व्यवस्था को चुनौती देकर शिक्षा, समानता, स्त्री-मुक्ति, किसान अधिकार और जाति-विरोध को एक साझा सामाजिक संघर्ष के रूप में देखा.

28 नवंबर 1890 को उनका जीवन समाप्त हुआ, लेकिन उनके द्वारा उठाए गए प्रश्न समाप्त अमर बने हुए हैं. आज भी ‘गुलामगिरी’, ‘शेतकऱ्याचा असूड’, ‘तृतीय रत्न’ और ‘सार्वजनिक सत्य धर्म’ जैसी उनकी रचनाएं भारतीय समाज, जाति, शिक्षा और सामाजिक अव्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को समझने के लिए महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज हैं.


Download Suchak App

खबरें अभी और भी हैं...

डॉ. धर्मवीर कौन थे उनकी जीवनी, शिक्षा, निर्भीक दलित चिंतक, साहित्य-आलोचक और आईएएस अधिकारी

डॉ. धर्मवीर : जीवन, शिक्षा, आईएएस सेवा और साहित्यिक योगदान की पूरी कहानी जन्म : 9 दिसंबर 1950, मेरठ के नंगला ताशी गाँव मेंनिधन :...

जगजीवन राम: सामाजिक न्याय और राजनीतिक नेतृत्व की विरासत

जगजीवन राम, जिन्हें प्यार से "बाबूजी" के नाम से जाना जाता था, भारतीय राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक न्याय आंदोलनों में एक प्रमुख व्यक्ति...

कौन है भंते विनाचार्य जिसने महाबोधि महाविहार मुक्ति का बिगुल छेड़ दिया है?

सदियों से ब्राह्मणवाद के शिकंजे में कैद महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन में भंते विनाचार्य जी के साथ पूरा देश खड़ा हो गया है. भंते...

जयंति विशेष: दीनाभाना भंगी जो बने बाबासाहेब और कांशीराम साहेब के बीच कड़ी

भंगी जातियों को तो कुछ मिला ही नहीं. इसका मैं व्यक्तिगत तौर पर शिकार हूँ. दीनाभान भंगी उपरोक्त कथन को कहने वाला कोई आम शख्स नही...

शांति स्वरुप बौद्ध: साहित्य और संस्कृति की शिखर शख्सियत

Shanti Swaroop Bauddh: इतिहास की अपनी एक निश्चित दिशा और गति होती है, जिसमें सामान्यतः व्यक्ति विशेष का स्थान गौण होता है। लेकिन कुछ...

स्वामी अछूतानंद जीवनी – Swami Achhutanand Biography in Hindi

Swami Achhutanand Biography: बहुजन समाज के महान समाज-सुधारक एवं महान स्वामित्व वाले स्वामी अछूतानंद ‘हरिहर’ जी का जन्म 06 मई 1879 में हुआ. इनके...

जयंति विशेष: Bhagwan Das- एक महान अम्बेड़करवादी

भगवान दास जी का जन्म 23 अप्रैल 1927 को शिमला के जतोग छावनी में (SC) परिवार में हुआ था. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से इतिहास...

Karl Marx Biography: मानव इतिहास के महानतम क्रांतिकारी दार्शनिक की संक्षिप्त जीवन-गाथा

Karl Marx Biography: मार्क्स के विचारों की दुनिया को आज सबसे ज्यादा जरूरत है. (पूंजीवाद का चरम रूप (कार्पोरेट-वित्तीय पूंजीवाद) आज धरती और मानव जाति...

भारतीय सामाजिक क्रांति की योद्धा सावित्रीबाई फुले के संघर्षो का एक संक्षिप्त परिचय

Savitri Bai Phule Biography: आधुनिक भारतीय पुनर्जागरण के दो केंद्र रहे हैं- बंगाल और महाराष्ट्र. बंगाली पुनर्जागरण मूलत: हिंदू धर्म, सामाजिक व्यवस्था और परंपराओं...

जयंति विशेष: बाबू हरदास “जय भीम” के जनक

नागपुर (महाराष्ट्र) के नजदीक एक छोटा कस्बा है जहां एक छावनी भी है. इसी नगर के बैल बाजार क्षेत्र में लक्ष्मणराव नाम के महार...