भारत की जातिव्यवस्था में शामिल भंगी और चमार जातियों को भयानक ग़ुलामी के लिए मजबूर किया गया. एक को मानव मल ढोने को मजबूर किया गया. दूसरी को मरे जानवरों को उठाने, उनका चमड़ा निकालने और उनका माँस खाने को मजबूर किया गया. यह गुलामी हज़ारों साल से चली आ रही थी. मुक्ति की दूर-दूर तक संभावना नज़र नहीं आ रही थी. अत्याचारों के खिलाफ एकजुट भी नहीं हो पा रहे थे. वज़ह थी इनके ख़िलाफ़ होने वाली हिंसा.
जातीय हिंसा इन्हें सम्मान से जीने नहीं दे रही थी. हिंसा के डर से ये ख़ुद पर थोपे गए जातीय पेशे को छोड़कर कोई दूसरा पेशा नहीं अपना पा रहे थे. ऐसा कुछ भी नहीं हो पा रहा था कि ये जातियां संगठित होकर अपने ख़िलाफ़ होने वाले जुल्मों का विरोध कर सकें. इन जातियों में कुछ लोग हुए हैं जिन्होंने जातिव्यवस्था और ऊंच-नीच के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई लेकिन उनकी आवाज़ इन्हें जुल्मों से मुक्ति नहीं दिलवा सकी.
अंग्रेजी शासनकाल में इनके लिए कुछ अनुकूल परिस्थितियां बनीं. अनुकूल परिस्थितियों के कारण इनमें से कुछ लोगों की शिक्षा सम्भव हो सकी. इनमें से जिनकी शिक्षा संभव हो सकी उनमें से एक बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर थे. अंग्रेजों ने शिक्षा का अधिकार तो दे दिया लेकिन वे भारत की जातीय भेदभाव को ख़त्म करने में सक्षम नहीं थे. जातीय भेदभाव अस्पृश्य घोषित सभी लोगों की मानवीय गरिमा को बुरी तरह रौंद रहा था. अंग्रेजों के द्वारा बनाए गए कुछ नियमों के कारण अस्पृश्य घोषित लोगों की शिक्षा सम्भव हो जाने से बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने उच्च शिक्षा हासिल कर ली. शिक्षा हासिल करने के सफ़र में उन्हें गहरे जातिभेद को झेलना पड़ा. इस सफर में उन्होंने अस्पृश्य घोषित लोगों को दुनिया के सबसे भयानक जुल्मों से मुक्ति दिलाना अपना लक्ष्य बना लिया.
एक तरफ़ उनकी फ़ौज थी जो अस्पृश्यों को “जानवर से कमतर और गन्दगी से बदतर” मानती थी. यह फौज़ किसी भी क़ीमत पर अस्पृश्यों को अपने शिकंजे से मुक्त नहीं होने देना चाहती थी दूसरी तरफ़ थे बाबासाहेब…
बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर इन सब पर भारी पड़े और अस्पृश्यों की मुक्ति के तमाम उपायों को संविधान में दर्ज़ करने में सफ़ल हुए. उनके ऐतिहासिक संघर्षों के कारण अस्पृश्यों को थोपे गए उन जातीय पेशों से मुक्ति मिल सकी जो हजारों सालों से उनसे जबरदस्ती करवाए जा रहे थे. बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर के संघर्षों के कारण अस्पृश्य घोषित किए गए लोग अब उन पेशों तक पहुँचने लगे जिन पेशों को तथाकथित अगड़ी जातियों ने अपने लिए आरक्षित कर रखा था.
जातिव्यवस्था की एक बहुत बड़ी कमी यह भी है कि यह तथाकथित अगड़ी जातियों के लोगों को हिटलर की तरह “तानाशाह” बनाती है. जिस तरह एक तानाशाह अपनी तानाशाही को ख़त्म करने की बजाय मरना पसन्द करता है, ठीक उसी तरह जातीय श्रेष्ठता से ग्रसित लोग मरना पसन्द करते हैं बजाय इसके कि दूसरे इंसानों को अपने बराबर मान लिया जाए.
जिस तरह अमेरिका से दास प्रथा ख़त्म हुई है लेकिन श्रेष्ठतावाद आज भी जिंदा है ठीक उसी तरह भारत में बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर, पेरियार, ज्योतिबाफुले, सावित्री बाई फुले जैसे लोगों के संघर्ष की बदौलत जातिव्यवस्था को नुकसान पहुँचा लेकिन बहुत से लोगों में “जातीय श्रेष्ठतावाद” आज भी ज़िंदा है. श्रेष्ठतावाद जब तक ज़िन्दा रहता है तबतक यह दूसरे इंसानों को “नीच” बनाने के लिए कोशिशें करता रहता है.
बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर ने अस्पृश्यों को जुल्मों से मुक्ति दिलाई साथ ही ये वर्ग अपनी आज़ादी को कैसे बनाए रखें इसके लिए उन्होंने इन वर्गों के लिए किताबें लिखी. अपने द्वारा लिखी गईं किताबों के कारण बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर मरने के बाद भी जीवित हैं. इन वर्गों के लिए जो काम जीवित डॉ अम्बेडकर कर रहे थे वही काम उनके मर जाने के बाद उनकी किताबें कर रही थीं.
उत्तर भारत में अस्पृश्यों में बड़ी आबादी “चमार” समाज की है. इस समाज ने सबसे पहले डॉ अम्बेडकर द्वारा लिखी किताबों को पढ़ा. पढ़ने के बाद उनकी विचारधारा के प्रचार-प्रसार में यह समाज लग गया. इस समाज ने उत्तर भारत में बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर की विचारधारा की आंधी ला दी. यह समाज इस विचारधारा से न सिर्फ़ दूसरी अस्पृश्य जातियों को जोड़ रहा था बल्कि इसने अन्य पिछड़ा वर्ग को भी इससे जोड़ना शुरू कर दिया था. श्रेष्ठतावादियों को डॉ अम्बेडकर की कोई “काट” नज़र नहीं आ रही थी. बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर के मरने के बाद श्रेष्ठतावादी उन्हें अपने अनुसार इस्तेमाल नहीं कर सकते थे. समस्या थी डॉ अम्बेडकर द्वारा लिखी गईं किताबें. इन किताबों से एक ऐसी विचारधारा का निर्माण हुआ जो तर्क, समता और बंधुत्व पर आधारित है.
बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर उनके लिए इसलिए भी अनुपयोगी हैं क्योंकि उनकी स्वीकार्यता न सिर्फ़ अनुसूचित जातियों तक है बल्कि अन्य पिछड़ा वर्ग की जातियों के लोग भी उन्हें अब स्वीकार कर रहे हैं. श्रेष्ठतावादियों ने भारत में शोषितों का कोई एक भगवान भी नहीं बनने दिया क्योंकि वे जानते हैं कि एक भगवान से जुड़कर भी वे उनके ख़िलाफ़ संगठित हो सकते हैं. इसीलिए उन्होंने अलग-अलग जातियों को अलग-अलग भगवानों से जोड़ा है.
“धर्मांधता” दुनिया के सभी श्रेष्ठावादियों का अचूक हथियार रही है. बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर को साथ लेकर वे भंगी और चमार जैसी जातियों को धर्मांध नहीं बना सकते थे. उन्होंने ऋषि वाल्मीकि को भंगी घोषित लोगों से जोड़ दिया. शिक्षा से बहुत दूर कर दिए गए इस समाज ने ख़ुशी-ख़ुशी ऋषि वाल्मीकि को स्वीकार कर लिया. चमार समाज को किसी ऐसे चरित्र के साथ जोड़ना मुश्किल था. वज़ह शिक्षा थी. आज़ादी के बाद यह समाज तेज़ी से शिक्षा की तरफ बढ़ा. शिक्षा से इनके अन्दर आत्मसम्मान और तर्क का संचार हुआ. इसीलिए इस समाज के साथ वाल्मीकि ऋषि जैसे किसी चरित्र को नहीं जोड़ा जा सका.
इस समाज के लिए वे बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर जैसे तर्कवादी व्यक्ति को नहीं चुन सकते थे. उन्होंने इनके लिए संत रविदास जी को चुना.
संत रविदास जी ने जातिवाद और अंधविश्वास का विरोध किया लेकिन उनके द्वारा शायद कहीं भी जातिव्यवस्था और जातीय पेशों से विद्रोह का उल्लेख नहीं मिलता है. वे भले ही जातिवाद और अंधविश्वास का विरोध कर रहे थे लेकिन दूसरी तरफ़ वे कुछ धार्मिक मान्यताओं को स्वीकार करते थे. बस रविदास जी की यही बात उन्हें श्रेष्ठतावादियों के लिए उपयोगी बना रही थी. श्रेष्ठतावादी यह भी जानते थे कि अगर इस जाति को संत रविदास से जोड़ लिया तो इसे अलग-थलग करना आसान हो जाएगा. वे जानते थे कि किसी भी करिश्माई व्यक्ति में लोगों को इकठ्ठा करने की असीम ताकत होती है. यह ताक़त उसके मरने के बाद और भी बढ़ सकती है. यह ताकत बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर में थी और उनके मरने के बाद लगातार बढ़ रही है.
चमार समाज अगर बाबासाहेब का प्रचारक बना रहा तो इसके साथ बहुत सी जातियां जुड़ जाएंगी. वे जानते हैं कि संत रविदास को दूसरी जातियां स्वीकार नहीं करेगीं. इसके लिए जरूरी था कि इस समाज में सन्त रविदास का ज़ोर-शोर से प्रचार प्रसार किया जाए. यह काम श्रेष्ठतावादी ख़ुद नहीं कर सकते थे. उनकी बात इस समाज में कोई सुनता भी नहीं. इसके लिए इन्होंने इस समाज से उसी तरह लालची किस्म के लोगों को अपने साथ जोड़ा जिस तरह भंगी जाति में ऋषि वाल्मीकि की स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए जोड़ा गया था. ऐसा करने से उनका काम आसान हो गया. चमार जाति से जोड़े गए लोगों के द्वारा वे अब इस जाति को आसानी से धर्मांध और अलग-थलग कर पा रहे हैं. मैं यह नहीं कह रहा कि इस समाज में जितने लोग संत रविदास के प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं वे सभी उनसे जा मिले हैं लेकिन यह सौ फ़ीसदी सच है कि उनमें से तमाम लोग ऐसे हैं जो श्रेष्ठतावादियों की साज़िश का हिस्सा बन गए हैं.
हमारे जिन लोगों को जातिव्यवस्था में चमार नाम से शामिल किया गया है उन्हें इस बात को समझना जरूरी है. वे अगर डॉ अम्बेडकर की विचारधारा का प्रचार प्रसार करते हैं तो वे भारत में सामाजिक बदलाव के अगुआ रहेंगे और अगर वे अपने आपको संत रविदास तक सीमित रखते हैं तो वे उस सामाजिक बदलाव को करने से चूक जाएंगे जिसके लिए बाबा साहेब डॉ अम्बेडकर जीवनभर संघर्ष करते रहे. साथ ही वे अपने साथ दूसरी कई जातियों के जुड़ने की संभावना को भी ख़त्म कर लेंगे.
(लेखक: शैलेंद्र फ्लेमिंग, ये लेखक के अपने विचार हैं)

